


नवगछिया के कोसी पार ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में मंगलवार को एक किसान पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान भगवानपुर निवासी सदानंद मंडल के पुत्र रंजीत कुमार उर्फ अंजो मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव के ही गंगाधर उर्फ गंगुवा मंडल ने किसी विवाद को लेकर रंजीत कुमार पर हमला कर दिया। हमले में रंजीत की नाक और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ढोलबज्जा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















