


नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को चेहल्लुम पर्व के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक, नवगछिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को चेहल्लुम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पर्व और त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।
चेहल्लुम पर्व को लेकर नवगछिया पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्ती और निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
















