


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सबौर थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुरपट चौक के पास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 14.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर” महाअभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 अगस्त को सबौर पुलिस को कुरपट चौक के समीप मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। उसकी पहचान ज्योतिष कुमार, पिता जलधर यादव, निवासी अमडार के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 11.22 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अमडार गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर मो. लालु, पिता मो. सिराज और धर्मेन्द्र कुमार, पिता विश्वनाथ मंडल को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 3.10 ग्राम ब्राउन शुगर और 2,350 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद सामान – ब्राउन शुगर: 14.32 ग्राम, मोबाइल फोन: 2, नकद: 2,350 रुपये।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।















