



भागलपुर। भागलपुर पुलिस द्वारा कोतवाली थाना परिसर में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सिटी एसपी शुभांक मिश्रा सहित जिले के कई थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे, जहां संबंधित पदाधिकारियों ने उनकी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही समाधान एवं आवश्यक सलाह प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने हाल के दिनों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की और पुलिस प्रशासन को कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शांति समिति के सदस्यों ने पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को और मजबूत करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करें। इसका उद्देश्य यह है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एसपी स्तर के पदाधिकारियों तक आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि दूरी और अन्य कारणों से कई लोग वहां तक नहीं पहुंच पाते हैं, वहीं कई बार लोग थानेदार से मिलने में भी संकोच करते हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सीधे थाना स्तर पर ही सुनी जा रही हैं, जिससे त्वरित समाधान संभव हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शांति समिति के सदस्यों की उपस्थिति से कार्यक्रम और अधिक प्रभावी रहा, क्योंकि उन्होंने समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों को पुलिस के समक्ष रखा।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और ऐसे जन संवाद कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।













