



नवगछिया।
तुलसी दिवस के पावन अवसर पर आज बाल भारती विद्यालय, नवगछिया परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक गुरुदेव श्री अगमानंद जी महाराज द्वारा नवगछिया खेल संघ को सम्मानित किया गया। यह सम्मान नवगछिया क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में नवगछिया खेल संघ द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान श्री अगमानंद जी महाराज ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करता है। उन्होंने नवगछिया खेल संघ द्वारा स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, संयोजक घनश्याम प्रसाद, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, सरोज झा, अखिलेश पांडे, संजय सिंह, धर्मचंद भगत सहित संघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस सम्मान को नवगछिया क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया और भविष्य में खेल गतिविधियों को और अधिक व्यापक स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं उपस्थित गणमान्य लोगों ने नवगछिया खेल संघ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।














