5
(6)

पुल क्षतिग्रस्त होने से किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन में हो रही भारी परेशानी

नवगछिया। भागलपुर क्षेत्र में पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण कृषि उत्पादों के परिवहन में आ रही समस्याओं को लेकर नवगछिया के किसान प्रतिनिधि एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े समाजसेवी मोहित कुमार राय ने बिहार सरकार के कृषि मंत्री को पत्र भेजकर नवगछिया रेलवे स्टेशन पर पार्सल बुकिंग सेवा शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।

कृषि मंत्री को भेजे गए पत्र में मोहित कुमार राय ने कहा है कि भागलपुर क्षेत्र में पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों एवं कृषि व्यापारियों को आम, केला, सब्जी समेत अन्य शीघ्र नष्ट होने वाले कृषि उत्पादों को विभिन्न राज्यों और बाजारों तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन व्यवस्था बाधित होने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि नवगछिया एवं आसपास के क्षेत्र आम, केला और अन्य कृषि उत्पादों के प्रमुख उत्पादक क्षेत्र हैं। वर्तमान परिस्थितियों में वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की तत्काल आवश्यकता है, ताकि किसानों की उपज समय पर बाजार तक पहुंच सके।

मोहित कुमार राय ने पत्र में उल्लेख किया है कि वे कृषि एवं शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं तथा किसानों की समस्याओं को विभिन्न मंचों पर उठाते रहे हैं। उन्हें कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए दो बार किसान सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने कृषि मंत्री से अनुरोध किया है कि किसानों के हित में नवगछिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे पार्सल बुकिंग एवं कृषि उत्पादों की पार्सल सेवा शीघ्र प्रारंभ कराई जाए। उनका कहना है कि यदि यह सुविधा शुरू होती है तो आम सहित अन्य कृषि उत्पादों को देश के विभिन्न हिस्सों में आसानी से भेजा जा सकेगा और किसानों को बेहतर बाजार तथा उचित मूल्य प्राप्त होगा।

किसान प्रतिनिधि ने आशा जताई है कि राज्य सरकार किसानों की इस महत्वपूर्ण समस्या पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगी। स्थानीय किसानों और कृषि व्यवसायियों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि रेलवे पार्सल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के कृषि कारोबार को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 6

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: