


भागलपुर: भागलपुर और आसपास के जिलों में लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। शीतलहर और घने कोहरे के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले तीन दिनों से भागलपुर में कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है, जिससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सदर अस्पताल, भागलपुर में ठंड से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए आठ बेड का एक आरक्षित वार्ड तैयार किया गया है। इस वार्ड में रूम हीटर, पर्याप्त कंबल और आवश्यक दवाइयों की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को ठंड से राहत मिल सके।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा 24 घंटे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ठंड से जुड़ी बीमारियों, जैसे सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए अस्पताल पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में संपर्क करें।















