
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुदानित दर पर तीन प्रजनन योग्य बकरियों के वितरण कार्यक्रम का आयोजन पीरपैंती प्रखंड में किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति के 23 तथा अनुसूचित जाति के एक लाभुक सहित कुल 24 लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को बढ़ावा देना तथा पात्र लाभुकों को स्वरोजगार एवं आय अर्जन के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से लाभुक बकरी पालन को आजीविका का साधन बनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. राकेश कुमार, सहायक कुक्कुट पदाधिकारी, भागलपुर, डॉ. हरिनंदन कुमार, डॉ. संतोष कुमार तथा समाजसेविका श्रीमती सविता मरांडी उपस्थित रहीं।
बकरियां प्राप्त होने पर लाभुकों में खुशी और उत्साह देखा गया। लाभुकों ने पशुपालन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पशुपालन से जोड़कर उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।
















