5
(1)

लापता युवक मामले में दो नामजद गिरफ्तार

 

नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड के दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लापता युवक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को वादिनी ने रंगरा थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका पुत्र मुकेश कुमार पिछले लगभग दो माह से अपने ससुराल में रहकर काम करता था। 1 जून को उसका अपने साले के साथ किसी बात को लेकर मारपीट और गाली-गलौज हुआ था। इसके बाद 2 जून से वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाना में शिकायत दर्ज कराई।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए रंगरा थाना में कांड संख्या 144/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के क्रम में पुलिस ने लापता युवक की मोटरसाइकिल रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 के किनारे झाड़ियों से बरामद की। मोटरसाइकिल मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी।

 

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कांड के नामजद अभियुक्त दिलखुश कुमार एवं गौरव कुमार, दोनों पिता अरविंद दास, निवासी मुरली, थाना रंगरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

 

फायरिंग कांड में आरोपी गिरफ्तार

 

नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गंगा दियारा में किसानों पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को नवटोलिया निवासी किसान राजू चौधरी ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि नवटोलिया गंगा दियारा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मवेशियों को किसानों के मूंग एवं मकई की फसलों वाले खेतों में छोड़ दिया गया था, जिससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा था।

किसानों द्वारा अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए मवेशियों को खेतों से हटाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोप है कि प्रकाश यादव एवं उसके साथ मौजूद 6-7 अन्य लोगों ने निहत्थे किसानों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए भवानीपुर थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त नारायणपुर निवासी प्रकाश यादव, पिता धुसर यादव, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा। घटना के बाद किसानों में जो भय का माहौल बना था, उसे देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

 

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: