0
(0)

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर गंगा घाट पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान अलग-अलग समय पर पांव फिसलने से एक महिला सहित तीन लोगों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला का शव बरामद कर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया है, जबकि अन्य दो शवों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना सुबह करीब 9 बजे की है। मधेपुरा जिले के आनंद विहार, वार्ड संख्या-2 निवासी नूतन देवी (उम्र 40 वर्ष), पति चंद्रकिशोर, अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान करने महादेवपुर घाट आई थीं। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस और एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

वहीं दूसरी घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब स्नान करने आए दो अन्य लोग गंगा के तेज बहाव में बह गए। इनमें सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी प्रतिक राज (उम्र 16 वर्ष), पिता सुभाष यादव, तथा अररिया जिले के भार्गवा थाना क्षेत्र के खजूरी हाट निवासी ललन मंडल (उम्र 30 वर्ष), पिता आनंद मंडल शामिल हैं। दोनों की गंगा में डूबने से मौत हो गई और समाचार लिखे जाने तक उनके शवों की तलाश जारी थी।

बताया जा रहा है कि सभी लोग चैती पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों के बीच भी दहशत और मातम का माहौल बना हुआ है।

परबत्ता थानाध्यक्ष पुअनि अश्विनी कुमार ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की डूबने से मौत हुई है। महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से अन्य दो शवों की खोजबीन जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने गंगा घाटों पर स्नान के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है, विशेषकर तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी रखने को कहा गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: