


कला भवन साहित्य विभाग की मासिक संगोष्ठी के तहत होगा आयोजन, प्रकृति चित्रण आधारित कविताओं का होगा पाठ
पूर्णिया। कला भवन साहित्य विभाग की मासिक संगोष्ठी के अंतर्गत आगामी 7 जून 2026 (रविवार) को हिंदी साहित्य के महान छायावादी कवि सुमित्रानंदन पंत की स्मृति में एक भव्य स्थानीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में साहित्यकार, शिक्षाविद, कवि एवं साहित्य प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. निरुपमा राय ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य विषय “प्रकृति चित्रण” रखा गया है। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी अपनी स्वलिखित कविताओं का पाठ करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करना तथा महान कवि सुमित्रानंदन पंत के साहित्यिक योगदान को स्मरण करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. विजया रानी, पूर्व विभागाध्यक्ष, दर्शनशास्त्र विभाग, पूर्णिया विश्वविद्यालय एवं साहित्य विभाग की वरिष्ठ सदस्या करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. देवी राम, सदस्य कला भवन प्रन्यास सह उपाध्यक्ष, कला भवन प्रबंध परिषद उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ. कामेश्वर पंकज (पूर्व विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, पूर्णिया विश्वविद्यालय), डॉ. प्रभात नारायण झा (शिक्षाविद एवं पूर्व निदेशक, आकाशवाणी), प्रो. शंभु लाल वर्मा (डॉ. शंभु कुशाग्र), प्रधानाचार्य राजकीय डिग्री कॉलेज भरगामा, डॉ. शिवमुनि यादव, प्रथम लोकपाल बीएनएमयू, प्रियव्रत नारायण सिंह, सदस्य कला भवन प्रन्यास, डॉ. उषा शरण, विभागाध्यक्ष अंग्रेजी विभाग पूर्णिया विश्वविद्यालय तथा श्रीमती रीता सिन्हा शामिल होंगी।
यह साहित्यिक आयोजन 7 जून 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से कला भवन साहित्य विभाग मीटिंग हॉल, पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने साहित्यकारों, कवियों, विद्यार्थियों एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन साहित्यिक चेतना को सशक्त बनाने और नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
















