


पूर्णिया : मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने वर्ष 2026 में 100 यूनिट रक्तदान एवं जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। संगठन द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कई लोगों को जीवनदान मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात लाइन बाजार शिव मंदिर रोड स्थित चाय दुकान संचालक राजीव कुमार पासवान ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को सूचना दी कि उनके रिश्तेदार रामसागर पासवान, जो पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, को तत्काल रक्त की आवश्यकता है। बताया गया कि रामसागर पासवान टीबी, ब्लड शुगर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं तथा उनके शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं बन पा रहा है। चिकित्सकों ने उन्हें तीन यूनिट रक्त चढ़ाने की सलाह दी थी।
सूचना मिलते ही विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और तत्काल एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। इसी रक्तदान के साथ संगठन ने वर्ष 2026 में 100 यूनिट रक्तदान एवं रक्त उपलब्ध कराने का आंकड़ा भी पार कर लिया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर मानव सेवा के कार्य को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करे। जब भी किसी मरीज या उसके परिजनों द्वारा सहायता की सूचना मिलती है, संगठन के कार्यकर्ता तत्परता के साथ आगे आकर सहयोग करते हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी रक्तदाताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। संगठन भविष्य में भी इसी सेवा भाव के साथ सामाजिक और मानव कल्याण के कार्यों को जारी रखेगा।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, वार्ड 24 के अध्यक्ष रितिक कुमार, वार्ड 7 के अध्यक्ष प्रिंस कुमार, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया गोरक्षा प्रमुख नवीन कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
















