



भागलपुर। शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा, भागलपुर एवं विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर में मानवाधिकार दिवस के अवसर पर मानवाधिकार के प्रति विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बंदियों को मानवाधिकार, विधिक सहायता और उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक सह नगर पुलिस अधीक्षक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित विधिक सहायता से जुड़े सभी अधिवक्ता उपस्थित थे।

उपस्थित पदाधिकारियों ने मानवाधिकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी और कारा परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने बंदी दरबार की कार्रवाई संपादित की और बंदियों की समस्याओं को सुना।
जिला पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने कारा प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बंदियों के हित में संचालित विभिन्न सुधारात्मक कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में कारागार में प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों द्वारा निर्मित मंजूषा पेंटिंग और काष्ठ-हस्तशिल्प को आगंतुक अधिकारियों को स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया गया, जिसे सभी ने सराहा।















