
एआई से तस्वीरें संपादित कर प्रसारित करने की शिकायत, नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू
नवगछिया। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इंजीनियर कुमार शैलेंद्र की कथित रूप से एआई की मदद से संपादित आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नवगछिया साइबर थाना में आवेदन देकर मामले की जांच और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

साइबर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक पप्पू कुमार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, राघोपुर के वर्तमान सरपंच एवं भाजपा अति पिछड़ा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मंडल के फेसबुक प्रोफाइल से मंत्री की दो कथित आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की गई हैं। आवेदन में दोनों पोस्ट की तारीख, समय और उनमें इस्तेमाल की गई तस्वीरों व टिप्पणियों का उल्लेख किया गया है।
आवेदन के मुताबिक, 21 अक्टूबर को सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर प्रकाशित एक पोस्ट में मंत्री को हाथ में तलवार लिए दिखाया गया है। इस तस्वीर के साथ उनके इस्तीफे की मांग करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे जाने की बात कही गई है। वहीं, 22 अक्टूबर को प्रकाशित दूसरी पोस्ट में मंत्री की तस्वीर को हाथ में छुरा लिए और उससे खून टपकते हुए दिखाने का आरोप लगाया गया है। इस पोस्ट के साथ भी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की शिकायत की गई है।

पुलिस अधिकारी की ओर से दिए गए आवेदन में आशंका जताई गई है कि कथित रूप से संपादित तस्वीरों और टिप्पणियों के जरिए मंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने तथा आम लोगों के बीच भ्रामक धारणा बनाने का प्रयास किया गया है। शिकायत के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट के लिंक और उपलब्ध स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं, ताकि मामले की जांच में इनका इस्तेमाल किया जा सके।
आवेदन में सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और टिप्पणियों की प्रारंभिक जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। इस मामले में नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।















