



नवगछिया : लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के शुभ अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा द्वारा बुधवार को जनसेवा का विशेष आयोजन किया गया। नवगछिया मेन रोड में शाम 3.30 बजे से श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क कद्दू वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। छठ व्रतियों के लिए आयोजित इस सेवा कार्य से लोगों में खुशी देखी गई और उनके चेहरे पर मुस्कान झलक उठी। सेवा प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने मंच के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए इस पहल की सराहना की।

नवगछिया बाजार में इस तरह का कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया गया, जिससे लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। छठ पर्व की तैयारियों में जुटे व्रतियों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना इस सेवा का मुख्य उद्देश्य रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष चेतन मुनका, सचिव दीपक मावंडिया, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा, अरुण यादुका, आयुष खेमका और ओम प्रकाश यादुका सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि समाज सेवा की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
शाखा सदस्यों ने छठी मैया से सभी की मनोकामनाओं की पूर्ति और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

















