0
(0)

जिले के कहलगांव स्थित रसलपुर थाना के पास भीषण हादसे के बाद चार घंटे तक सड़क पर संग्राम, मुआवजे और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। जिले के कहलगांव स्थित एकचारी-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रसलपुर थाना के समीप सुबह करीब 8:15 बजे यात्रियों से भरे टोटो और हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। पांच घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।


मृत टोटो चालक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सिलहन खजुरिया गांव निवासी लुटेश्वर ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान बसंतराय थाना क्षेत्र के कैथिया निवासी 18 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, टोटो सिलहन खजुरिया गांव से यात्रियों को लेकर एकचारी स्टेशन जा रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ब्रजेश तांती (26), भुवनेश्वर पासवान (50) और प्रिंस कुमार को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान प्रिंस कुमार की मौत हो गई। हादसे में सिलहन खजुरिया निवासी ब्रजेश तांती के अलावा भिरौधा निवासी भुवनेश्वर पासवान, रोजी देवी (40), आयुष कुमार (12) और राजेश मंडल (50) घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जारी है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने एकचारी-मोहनपुर मार्ग को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की आवाजाही करीब चार घंटे बाधित रही। सूचना मिलने पर कहलगांव के अंचल अधिकारी और एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में टोटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल पांच अन्य लोगों का इलाज जारी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: