0
(0)

भागलपुर। भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय गंगोता मैदान शाहजंगी में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

भोजन करने के कुछ ही देर बाद तीन दर्जन से अधिक बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर की शिकायत होने लगी, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति गंभीर होते देख विद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से भागलपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही नाथनगर के विधायक मिथुन यादव गुरुवार को विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। इस दौरान शाहजंगी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. सेराज, वार्ड सदस्य, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

विधायक ने बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए मिड-डे मील व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे जाने की बात कही जा रही है। घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है और विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: