


नवगछिया। अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सोमवार को बिहपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय पछियारी टोला, औलियाबाद में बाल संसद के माध्यम से बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रातःकालीन चेतना सत्र के दौरान बाल संसद की संस्कृति एवं खेल मंत्री लक्ष्मी और उप-मंत्री कृतिका ने बच्चों को खेल के माध्यम से शारीरिक और मानसिक विकास के महत्व पर जानकारी दी। बाल संसद की उप प्रधानमंत्री आर्णिका ने इस अवसर पर बताया कि आज ही के दिन 1896 में विश्व स्तर पर सबसे बड़े प्रथम एथेंस ओलंपिक खेलों की शुरुआत हुई थी।
युवा शिक्षा और खेल प्रेमी सुजीत कुमार सुमन ने बच्चों के लिए लूडो और शतरंज प्रतियोगिता आयोजित कराने में सहयोग किया, हालांकि कड़ी धूप और छोटे प्रांगण की चुनौती रही। बाल संसद के प्रधानमंत्री रितुराज की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिताओं के निर्णायक शिक्षा मंत्री आर्यन कुमार गगन, अंतराज, भारती, कुसुम आदि ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार दीपक ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल बच्चों को खुश और तनाव मुक्त बनाते हैं, बल्कि उनके विद्यालय से जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मेडल प्रदान किए गए।
इस अवसर पर शिक्षक मो शमीम उद्दीन, संतोष रजक, कंचन कुमारी, रविशंकर झा, रजनीकांत रंजन, रोमा और तबरेज आलम उपस्थित थे।














