5
(1)

जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

 

भागलपुर : बिहपुर भाजपा द्वारा रविवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में “मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत नवगछिया पुलिस जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 मई को अपने सफल 12 वर्ष पूरे किए हैं। यह अवधि विश्वास, विकास और जनकल्याण की दृष्टि से ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से विकास का यह सफर आगे भी जारी रहेगा।

 

मंत्री ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक पूरे देश में “विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया गया, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस स्थानीय योग समूहों के सहयोग से मनाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि 12 से 20 जून तक जनकल्याण शिविरों का आयोजन होगा, जिसमें आयुष्मान भारत, आयुष्मान वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाओं से लोगों को जोड़ा जाएगा। वहीं 8 से 14 जून तक सांसद, विधायक एवं मंत्री विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, अभय राय, मंत्री रूपेश रूप, मुकेश राणा, चंद्रशेखर सिंह एवं कन्हैया झा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है।

सम्मेलन में प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, जनकल्याण शिविर, सभागार बैठक, उपलब्धि प्रदर्शनी तथा प्राकृतिक खेती कार्यशाला जैसे कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में जिला, मंडल एवं बूथ स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: