5
(1)

वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रबुद्धजन संवाद और विकास पथ यात्रा में लिया भाग

पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं क्षेत्र भ्रमण अभियान के तहत पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में विधायक विजय खेमका ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क, प्रबुद्धजन संवाद, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं विकास पथ यात्रा के माध्यम से लोगों से संवाद स्थापित किया।

अभियान की शुरुआत शहर के माधोपाड़ा स्थित तेजो प्लास्ट कुटीर उद्योग इकाई के भ्रमण से हुई, जहां विधायक ने कम लागत वाले आधुनिक उपकरणों के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इसके बाद रजनी चौक स्थित आर्ट गैलरी पहुंचकर उन्होंने स्थानीय चित्रकारों, कलाकारों एवं फुटपाथी दुकानदारों को सम्मानित किया तथा वेंडिंग जोन में विकसित सुविधाओं की जानकारी दी।

भ्रमण के दौरान विधायक शिव शक्ति नगर स्थित बजरंगबली मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास, विश्वास और जनकल्याणकारी कार्यों पर चर्चा की। इस अवसर पर सामूहिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

विधायक ने मरंगा स्थित सुधा डेयरी का निरीक्षण करते हुए बताया कि पूर्णिया क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग एक लाख लीटर दूध का उत्पादन एवं विपणन हो रहा है, जिससे हजारों किसान एवं पशुपालक लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने डेयरी में निर्मित विभिन्न उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की।

लाइन बाजार के निशीगंज महादलित टोला में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।

रामकृष्ण मिशन, गुरुद्वारा रोड एवं काली मंदिर परिसर में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में विधायक ने नागरिकों के साथ क्षेत्रीय विकास, जनसमस्याओं तथा देश-प्रदेश की प्रगति पर चर्चा की। लोगों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

रामबाग आनंद विहार कॉलोनी में कार्यकर्ताओं के साथ भ्रमण के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र और अधिक प्रगति करेगा।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल भारत के विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम अध्याय है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा नगर मध्य मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: