
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का दिया निर्देश, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्री शैलेंद्र के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में होंगे शामिल

नवगछिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तेलघी आगमन को लेकर गुरुवार को भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने खरीक प्रखंड की तेलघी पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत में संचालित विभिन्न सरकारी भवनों और जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति, लाभुकों को मिल रहे सरकारी लाभ और सरकारी भवनों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बताया गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तेलघी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
सरकारी भवनों की स्थिति और सुविधाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत के सरकारी भवनों की स्थिति, साफ-सफाई, रखरखाव और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से पंचायत में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही योजनाओं के लाभुकों और उनके चयन की प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित पात्रता के आधार पर वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकारी भवनों का नियमित रखरखाव करने और वहां उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं : डीएम
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। आम लोगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित निगरानी करने और कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















