


जदयू-भाजपा नेताओं ने तैयारियों का लिया जायजा
भागलपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित भागलपुर दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गोराडीह प्रखंड के काशील गांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने जिलाधिकारी अलंकृता पांडे से कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह प्रस्तावित दौरा भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के आगमन से विकास योजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम स्थल पर जदयू और भाजपा के नेताओं की सक्रिय मौजूदगी ने यह संकेत भी दिया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों दल पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटे हैं।
इस अवसर पर जदयू प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, भाजपा महामंत्री नीतेश सिंह, दयानंद, भाजपा नेता इं. श्रीकांत, जदयू के मोहम्मद हशीम, संजीत राय, संदीप कुमार तथा जदयू नेत्री यासमीन परवीन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















