5
(1)

आग लगने से कई गांवों की नेटवर्क सेवा प्रभावित, घंटों बाद स्थिति हुई सामान्य

भागलपुर। गोराडीह प्रखंड के मुरहन गांव स्थित जियो मोबाइल टावर में शनिवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन टावर में लगे कई महत्वपूर्ण तकनीकी उपकरण जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग के कारण आसपास के क्षेत्रों में जियो की मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा भी प्रभावित रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में टावर परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टावर परिसर में लगे उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान डायल-112 पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।

स्थानीय निवासी रवि राज ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि टावर परिसर में स्थापित दो महत्वपूर्ण मशीनें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जिससे संचार सेवाएं प्रभावित हो गईं।

आग लगने के बाद मुरहन स्थित इस टावर से जुड़े करीब 10 गांवों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बाधित हो गई। उपभोक्ताओं को कॉलिंग और डेटा सेवा में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि नेटवर्क ठप होने के कारण ऑनलाइन कार्य और आवश्यक संपर्क भी प्रभावित हुए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के काफी देर बाद तक जियो कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। हालांकि बाद में तकनीकी टीम के पहुंचने और क्षति का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस एवं संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं। वहीं कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलकर जल्द से जल्द नेटवर्क सेवा बहाल करने की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: