


मुजफ्फरपुर। बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी-बीएड) 2026 का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) द्वारा घोषित परिणाम में वैशाली के हिमांशु अजनवी और कटिहार के रवि कुमार ने 117-117 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से राज्य में पहला स्थान हासिल किया है।
महिला वर्ग में सीतामढ़ी की अंजना कुमारी और बेगूसराय की प्रियंका पासवान ने 116 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान प्राप्त किया। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 1,10,900 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने बताया कि परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया और निर्धारित समय पर परिणाम जारी कर दिया गया।
मेरिट सूची के अनुसार पुरुष वर्ग और ओवरऑल श्रेणी में हिमांशु अजनवी तथा रवि कुमार ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं छात्राओं ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परीक्षा में अपना दबदबा कायम रखा।
बीएड के साथ जारी शिक्षा शास्त्री प्रवेश परीक्षा के परिणाम में मधुबनी के रामदेव कुमार ने 104 अंक प्राप्त कर राज्य में पहला स्थान हासिल किया। समस्तीपुर के अंकित कुमार 96 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में वैशाली की अभिलाषा कुमारी ने 95 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोर और रैंक देख सकते हैं। सफल अभ्यर्थियों के लिए अब नामांकन प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।














