


आम लोगों की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान
विभिन्न वार्डों में मंगलवार को आयोजित होंगे विशेष शिविर, विभागीय अधिकारी रहेंगे मौजूद
सुल्तानगंज। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और लोक शिकायतों के प्रभावी निपटारे के उद्देश्य से नगर परिषद सुल्तानगंज में पहली बार जन सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बिहार सरकार के मुख्य सचिव एवं जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में मंगलवार को नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन देकर त्वरित समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
नगर परिषद सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आम लोगों के और करीब लाना तथा उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जन सहयोग शिविर के माध्यम से अब लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजे से नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत वार्ड संख्या-1 में पार्वती देवी गर्ल्स हाई स्कूल, वार्ड संख्या-2 में सीढ़ी घाट, वार्ड संख्या-3 में महिला अस्पताल परिसर, वार्ड संख्या-18 में एम.एस. धर्मशाला सितारामपुर तथा वार्ड संख्या-5 में मध्य विद्यालय दरबारी सिंह, सुल्तानगंज को शिविर स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
शिविर में नगर परिषद से जुड़ी समस्याओं के अलावा पेयजल, स्वच्छता, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, बिजली, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा अन्य सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहेंगे, जो प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया जाए तथा शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाया जाए।
उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें और इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाएं।
नगर परिषद प्रशासन का मानना है कि इस तरह के सहयोग शिविरों से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच सकेगा। पहली बार आयोजित होने जा रहे इस जन सहयोग शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि वर्षों से लंबित कई समस्याओं का समाधान अब तेजी से हो सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तो लोगों को काफी राहत मिलेगी और सरकारी सेवाओं की पहुंच आमजन तक और अधिक सुगम हो सकेगी।













