


पूर्णिया। बिहार के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने लोकसभा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर सरकार को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव में महिला के साथ हुई कथित अमानवीय घटना को “दरिंदगी की पराकाष्ठा” बताया और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नालंदा में महिला को अर्धनग्न कर सड़कों पर घसीटा गया, उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई और घटना का वीडियो वायरल हुआ, जो समाज के लिए शर्मनाक और दर्दनाक है।
उन्होंने नालंदा की घटना तक ही सीमित नहीं रहते हुए पूर्णिया, सीमांचल और अन्य जिलों का जिक्र किया। पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया के डगरुआ, भवानीपुर और बड़हरा क्षेत्र में भी महिलाओं के साथ गंभीर घटनाएं हुई हैं, लेकिन पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। सांसद ने कहा कि जब किसी महिला या बच्ची के साथ बर्बरता होती है, तो उसका दर्द पूरे समाज का दर्द बन जाता है।
पप्पू यादव ने सरकार से स्पीडी ट्रायल, पुलिस और प्रशासन की जवाबदेही तय करने, संवेदनशील संस्थानों में सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून का भय खत्म होने के कारण अपराधी खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
सांसद ने स्पष्ट किया कि वे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए लगातार आवाज उठाते रहेंगे और बिहार की हर बेटी को न्याय मिलने तक इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे।













