


पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के अब्दुल्ला नगर बसगामा टोला में खगड़िया से पूर्णिया तक प्रस्तावित 144 किलोमीटर लंबी एनएच-31 फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत होने के लिए विधायक विजय खेमका ने स्थल निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के लगभग दो किलोमीटर हिस्से के एलाइनमेंट के कारण करीब 100 घरों के विस्थापित होने की आशंका है, जबकि 50 से 60 घर सीधे सड़क निर्माण के जद में आ रहे हैं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए विधायक ने एनएचआई विभाग के अधिकारियों, भू-अर्जन पदाधिकारी, अमीन और बसगामा बस्ती के निवासियों के साथ मिलकर स्थिति का जायजा लिया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि खगड़िया से पूर्णिया तक सीधी फोरलेन सड़क बनने से आम लोगों का आवागमन सुगम होगा और दूरी भी कम हो जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से 60 से 70 घरों की बस्ती को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग पर गंभीरता से विचार करने का निर्देश दिया।
विधायक ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि सड़क निर्माण के लिए चल रहे मार्किंग कार्य में सहयोग करें, ताकि विभाग को घरों की सही संख्या की जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि स्थानीय समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ एनडीए सरकार द्वारा स्वीकृत फोरलेन सड़क का निर्माण समय पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया और जिला भाजपा नेता पवन भगत, दुर्गा उड़ाव, बेनू दत्ता, पूर्व मुखिया राजेंद्र उड़ाव, पूर्व वार्ड पार्षद बिजय उड़ाव, बिनोद उड़ाव, संजय उड़ाव, चंद्रमा देवी, मंजूरियां देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।













