


अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ ख्वाइश शर्मा का नवगछिया में भव्य नागरिक अभिनंदन
नवगछिया : जर्मनी में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश, बिहार और नवगछिया का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय राइफल निशानेबाज़ ख्वाहिश शर्मा का रविवार को नवगछिया के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती के सभागार में भव्य नागरिक अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं खेल संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में ख्वाइश शर्मा का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उनके ननिहाल पक्ष के परिजनों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, शिक्षाविद, खेल प्रेमी एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन क्लीन एंड ग्रीन नवगछिया फाउंडेशन के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह ने किया। उन्होंने कहा कि ख्वाहिश शर्मा ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवगछिया की पहचान बनाई है। उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है।
सम्मान से अभिभूत ख्वाहिश शर्मा ने अपने संबोधन में नवगछिया की जनता और विशेष रूप से अपने ननिहाल परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ननिहाल से मिला स्नेह, आशीर्वाद और अपनापन उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है और भविष्य में भी वे देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए निरंतर मेहनत करती रहेंगी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, प्रशिक्षकों, परिवार एवं सभी शुभचिंतकों को देते हुए युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और लगातार अभ्यास करने का संदेश दिया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ख्वाहिश शर्मा की उपलब्धियां केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे नवगछिया, बिहार और देश के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में ख्वाहिश विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल तथा ओलंपिक जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

ख्वाहिश शर्मा भारत की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय राइफल निशानेबाज़ हैं। उन्होंने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर कम उम्र में ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके पिता दिनेश शर्मा एवं माता मधु शर्मा (मनीषा शर्मा) ने बचपन से ही उनकी प्रतिभा को पहचानकर हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया। उनके दिवंगत नाना एवं परम खाटू श्याम भक्त मदन लाल शर्मा की प्रेरणा तथा दादा प्रभु दयाल बोचीवाल के संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को नई दिशा दी।
राष्ट्रीय स्तर पर ख्वाहिश शर्मा ने 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अलावा उन्होंने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रजत पदक हासिल किया। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर उनका चयन भारतीय जूनियर शूटिंग टीम में हुआ।
वर्ष 2026 उनके खेल जीवन का सबसे महत्वपूर्ण वर्ष साबित हुआ। उन्होंने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप, ISSF जूनियर वर्ल्ड कप तथा ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप (जर्मनी) में भारत का प्रतिनिधित्व किया। एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने भारत के लिए कांस्य पदक जीता। वहीं जर्मनी में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और भारतीय प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हालांकि वे पदक से मामूली अंतर से चूक गईं, लेकिन उनके प्रदर्शन की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
सम्मान समारोह में खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, सचिव घनश्याम प्रसाद, श्रीश्याम भक्त मंडल के सचिव मनोज चौधरी, मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष अश्विनी खटोड़, नवगछिया शाखा के अध्यक्ष चेतन मुनका, सचिव दीपक मावंडिया, मारवाड़ी सम्मेलन के विनोद केजरीवाल एवं विनय सर्राफ, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के अध्यक्ष आचार्य ललित पांडे, नंदलाल तिवारी, कन्हैया झा, शिक्षक सुबोध कुमार, पम्मी कुमारी, मुकेश राणा, मनोज पांडे, कौशल जायसवाल, मनोज सर्राफ, बाल भारती विद्यालय के प्रशासनिक पदाधिकारी डी.पी. सिंह, डॉ. गोपाल भारती, महिला जागृति की सपना शर्मा, विक्की केड़िया, अनुराग पंसारी, ललित यादुका, काशी गुप्ता, बजरंग दल नवगछिया के प्रह्लाद यादव, सुरक्षा प्रमुख प्रिंस गुप्ता, क्लीन एंड ग्रीन नवगछिया के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह, संयोजक श्रीधर कुमार, अशोक केड़िया, राकेश चिरानिया, रवि साह, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. दीपक, सुरेंद्र शर्मा, कमल टिबरेवाल, केशव पांडे, रूपेश रूंगटा, पप्पू केजरीवाल, अरुण यादुका, मौसम शर्मा सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने ख्वाहिश शर्मा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नवगछिया की यह प्रतिभाशाली बेटी आने वाले समय में विश्व स्तर पर भारत के लिए अनेक पदक जीतकर तिरंगे का गौरव और अधिक बढ़ाएगी तथा क्षेत्र की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभरेगी।
















