


नवगछिया : बाबा गणिनाथ सेवा समिति, नवगछिया द्वारा संचालित जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण अभियान के तहत रविवार को नवगछिया रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य डॉ. पंकज कुमार साह की पत्नी स्वर्गीय सुधा देवी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी पुण्य स्मृति एवं आत्मा की शांति के लिए किया गया। इस अवसर पर उनके परिजनों ने जरूरतमंदों को भोजन वितरण में सहयोग प्रदान कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सुधा देवी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क भोजन का वितरण किया गया। भोजन में पूरी, सब्जी और बूंदी की व्यवस्था की गई थी। सैकड़ों जरूरतमंद लोगों ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक भोजन ग्रहण किया।
भोजन वितरण कार्यक्रम में बाबा गणिनाथ सेवा समिति के सदस्यों के साथ रेलवे प्रशासन के कर्मियों एवं शोकाकुल परिवार के सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करते हुए जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराया।
समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार भारती ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने बताया कि समिति लगातार जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क भोजन वितरण का कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सक्षम एवं सेवाभावी लोगों से इस पुनीत अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति इस प्रकार के सेवा कार्य में सहयोग करना चाहते हैं, वे बाबा गणिनाथ सेवा समिति से संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर समिति के सचिव संदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष विवेकानंद कुमार, रंजीत साह, नीरज कुमार, नवीन साह, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. पंकज साह, आशुतोष कुमार सुमन, सुशांत कुमार, अंश राज, सुमन कुमार, प्रिंस कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना तथा समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
















