


भागलपुर।
नाथनगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में नशा करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान रोशन कुमार (पिता–जमुना मंडल) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 23 मार्च की शाम करीब 7 बजे रोशन कुमार के घर के सामने कुछ युवक नशा कर रहे थे। जब रोशन कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों रोहित कुमार, आशीष कुमार, गुलजारी कुमार, किसलय कुमार सहित 7-8 अन्य युवकों ने मिलकर उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी।
हमले में गंभीर रूप से घायल रोशन कुमार को परिजनों ने तत्काल भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि रोशन कुमार की शादी 8 मई 2025 को हुई थी और उनकी पत्नी वर्तमान में छह महीने की गर्भवती है। वह चार भाइयों में तीसरे स्थान पर थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना से इलाके में भी आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशाखोरी के खिलाफ आवाज उठाने वालों को इस तरह निशाना बनाया जाना बेहद चिंताजनक है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













