


भागलपुर के नाथनगर स्थित पुलिस केंद्रीय प्रशिक्षण विद्यालय (सीटीएस) में प्रशिक्षु सिपाहियों का पारण परेड समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण की अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों ने शानदार परेड का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। अब ये जवान पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
समारोह में आरक्षी महानिरीक्षक (आईजी) विवेक कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट, सलामी एवं विभिन्न परेड अभ्यासों का प्रदर्शन किया, जिसकी अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने सराहना की।
पारण परेड को लेकर प्रशिक्षु सिपाहियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लंबे और कठोर प्रशिक्षण के बाद पुलिस सेवा में कदम रखने जा रहे जवानों के चेहरे पर आत्मविश्वास और गर्व साफ झलक रहा था। समारोह के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम जनता के प्रति संवेदनशील रहने तथा ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी।
आरक्षी महानिरीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने नए जवानों से अनुशासन, समर्पण और मानवता के मूल्यों को अपने कार्यों में शामिल करने का आह्वान किया।
समारोह के समापन के बाद प्रशिक्षु सिपाहियों ने अपने प्रशिक्षण काल की उपलब्धियों को याद किया और पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारियों के साथ सेवा शुरू करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया। पारण परेड के साथ ही इन जवानों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है, जहां वे कानून व्यवस्था की मजबूती और जनता की सुरक्षा के लिए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
















