


नवगछिया। नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा देने और नवगछिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बंद पड़े गेट को खुलवाने की मांग को लेकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने बिहार के मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपा है। उन्होंने दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री से आवश्यक पहल करते हुए संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराने का आग्रह किया है।
पंचायतों को जोड़कर नवगछिया को पूर्ण जिला बनाने की मांग

मुख्यमंत्री को दिए आवेदन में विनोद कुमार मंडल ने कहा है कि नवगछिया पूर्ण प्रशासनिक जिला बनने के लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा करता है। उन्होंने कुर्सेला, चौसा और परबत्ता प्रखंड की कुछ पंचायतों को नवगछिया में शामिल कर इसे पूर्ण प्रशासनिक जिला बनाने का प्रस्ताव रखा है।
आवेदन में उन्होंने कहा कि वर्तमान भौगोलिक परिस्थितियों के कारण क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे लोगों को समय और आर्थिक संसाधन दोनों खर्च करने पड़ते हैं। नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला का दर्जा मिलने से नवगछिया सहित आसपास के प्रखंडों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में काफी सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला बनाने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कराने और इस संबंध में सकारात्मक पहल करने की मांग की है।
रेलवे स्टेशन का बंद गेट खोलने की भी मांग
विनोद कुमार मंडल ने अपने दूसरे आवेदन में नवगछिया रेलवे स्टेशन के जीआरपी थाना के समीप प्लेटफॉर्म संख्या-1 की ओर जाने वाले बंद गेट को यात्रियों के लिए खोलने की मांग की है।

उन्होंने आवेदन में बताया है कि स्टेशन के उत्तर तरफ जाने वाली सीढ़ी पर गेट लगाकर उसे बंद कर दिया गया है। इसके कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। शहर की ओर से स्टेशन आने वाले यात्रियों को अपने वाहन उत्तर तरफ की पार्किंग में खड़े करने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-1 तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
संकरी सीढ़ियों से बुजुर्ग और बीमार यात्रियों को परेशानी
आवेदन में कहा गया है कि स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियां काफी संकरी हैं। ऐसे में बुजुर्ग, बीमार और शारीरिक रूप से अस्वस्थ यात्रियों को सीढ़ियों से होकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विनोद मंडल का कहना है कि बंद गेट को खोल दिए जाने से यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का रास्ता मिल जाएगा। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि उनका समय भी बचेगा।
उन्होंने यह भी बताया है कि गेट के उत्तर तरफ रेलवे के स्टाफ क्वार्टर और पीडब्ल्यूडी स्टोर भी मौजूद हैं। गेट खुलने से इन स्थानों तक आने-जाने में भी सुविधा होगी। आवेदन में यह उल्लेख किया गया है कि उत्तर हिस्से में घेराबंदी किए जाने के बावजूद गेट खोले जाने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
यात्री सुविधा के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह
विनोद कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री से दोनों मामलों में सकारात्मक पहल की मांग की है। एक ओर उन्होंने नवगछिया को पूर्ण प्रशासनिक जिला बनाने की दिशा में कार्रवाई की मांग की है, वहीं दूसरी ओर रेलवे स्टेशन के बंद गेट पर लगे ताले को यात्री हित में खुलवाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि दोनों कदम क्षेत्र के लोगों और यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण साबित होंगे।















