


नवगछिया में सांवरिया सरकार के तत्वावधान में श्री श्याम वार्षिकोत्सव का आठवां आयोजन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में शुरू हो गया। यह दो दिवसीय आयोजन 4 एवं 5 अप्रैल को स्थानीय घाट ठाकुरवाड़ी में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के पहले दिन शनिवार को भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।

निशान शोभायात्रा मारवाड़ी विवाह भवन से गाजे-बाजे, नृत्य-नाटिका एवं भक्ति गीतों के साथ प्रारंभ हुई। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए घाट ठाकुरवाड़ी पहुंची, जहां श्रद्धालु भक्तों ने बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह भक्तों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया। मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया जागृति शाखा की ओर से हड़िया पट्टी में श्याम भक्तों पर फूलों की वर्षा की गई। साथ ही भक्तों के बीच टॉफी, फल, जूस एवं जल का वितरण भी किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

संध्या के समय आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में बाहर से आए प्रसिद्ध भजन गायक पंकज अग्रवाल (कोलकाता), हर्ष तनेजा (भिवानी), ईषा अग्रवाल (कोलकाता), आकाश परिचय (गिरिडीह) एवं स्थानीय गायक युवराज भारद्वाज (नवगछिया) ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “श्याम तेरे भरोसे मेरा परिवार है”, “हम तो बाबा के भरोसे चलते हैं”, “किसने किया सिंगार सांवरा” और “सांवरे की महफिल सांवरा सजाता है” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

पूरे आयोजन को सफल बनाने में सांवरिया सरकार नवगछिया के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन के दूसरे दिन भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन से नवगछिया में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी इसे और भी खास बना रही है।













