



रंगरा थाना क्षेत्र के एनएच31 पर घटी घटना
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।

जानकारी के अनुसार खरीक प्रखंड के लोकमानपुर गांव से एक ही परिवार के लोग अपने परिजन के सीएनजी टेंपो से नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा गांव एक समारोह में शामिल होने आए थे। रात में शादी समारोह के बाद वे सुबह रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी गांव में आयोजित जन्मदिन समारोह में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान मदरौनी चौक से पहले एनएच-31 पर सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनके सीएनजी टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसी बीच मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरी महिला की भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
- सविता देवी, पति राजो सिंह, उम्र 62 वर्ष, निवासी लोकमानपुर, थाना खरीक।
- झुमरी देवी, पति अरविंद सिंह, उम्र 55 वर्ष, जिनकी मौत मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

गंभीर रूप से घायल
- राधा कुमारी, पति नागेश्वर सिंह, निवासी मदरौनी, थाना रंगरा
- गायत्री देवी, पति मंचू सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी लोकमानपुर।
घायल बच्चे
- नंदनी कुमारी, उम्र 1 वर्ष
- सोयम राज, उम्र 4 वर्ष
- अंश कुमार, उम्र 2 वर्ष
(सभी पिता दिलीप सिंह)
साथ ही उनकी मां फूलन देवी, पति दिलीप सिंह भी घायल हुईं। इन सभी का प्राथमिक इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही नवादा और लोकमानपुर गांव से बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे, जिससे अस्पताल परिसर में हंगामा और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। परिजन रोते-बिलखते अपने परिजनों की तलाश में जुटे रहे।
घटना की सूचना पर रंगरा थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। सविता देवी का पोस्टमार्टम नवगछिया में कराया गया, जबकि झुमरी देवी का पोस्टमार्टम मायागंज अस्पताल में कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 पर तेज रफ्तार वाहन आए दिन हादसों को जन्म दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















