5
(3)


अवैध मादक पदार्थ के विरुद्ध नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई,
नवगछिया। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर नवगछिया पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 409 ग्राम स्मैक, एक लाख रुपये नगद, मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ एवं आग्नेयास्त्रों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जून 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्मैक की खेप लेकर नवगछिया जीरोमाइल के समीप किसी कारोबारी को आपूर्ति करने जा रहा है।

सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने नवगछिया जीरोमाइल स्थित एनएच-31 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान सर्विस रोड की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल सवार नवगछिया थाना क्षेत्र के दौनिया टोला पकरा निवासी सिंटू कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह के पास से कुल 409 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह ग्रामीण कुणाल कुमार के साथ मिलकर स्मैक के कारोबार में संलिप्त है तथा स्मैक बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये की राशि कुणाल कुमार को देने जा रहा था। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने दौनिया टोला निवासी कुणाल कुमार, पिता शंभू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से स्मैक बिक्री से संबंधित एक लाख रुपये नगद भी बरामद किए।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के पास से मोबाइल फोन एवं प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या-245/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: