


नवगछिया । रंगदारी मांगने, मारपीट करने एवं नकदी छीनने के मामले में गोपालपुर पुलिस ने एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा करारी निवासी वासुकी यादव, पिता भगवान यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को नवीन पासवान ने गोपालपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि वासुकी यादव एवं अन्य दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे रंगदारी के रूप में रुपये की मांग की थी। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया तथा उनके पास से 5,000 रुपये छीन लिए थे।
पीड़ित के आवेदन के आधार पर गोपालपुर थाना कांड संख्या-78/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। अनुसंधान के दौरान एक अभियुक्त को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में 20 जून को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद अभियुक्त वासुकी यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
पुलिस का कहना है कि कांड में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें भी कानून के दायरे में लाया जाएगा।
















