


नवगछिया। नवगछिया नगर परिषद कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह में नगर परिषद की सभापति प्रीति कुमारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
समारोह में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सोनी कुमारी, सभापति प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, नगर परिषद के सभी पार्षद, पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के दौरान पूरा नगर परिषद परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
एकता और अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प
समारोह के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज देशवासी स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाए।

नगर परिषद के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और जनहित के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
समारोह के दौरान नगर परिषद के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर पूरा परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता, शांति, समृद्धि और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।















