



नवगछिया पुलिस जिला क्रिकेट संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव के निज आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संघ की पूर्व बैठक में पारित बायलॉज को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि नवगछिया पुलिस जिला के अंतर्गत टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाएगा। यह लीग बिहपुर एवं नारायणपुर में आयोजित होगी और सभी मैच क्रिकेट बॉल से कराए जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

इस टी-20 क्रिकेट लीग में नवगछिया, बिहपुर, लत्तीपुर, गोपालपुर, नारायणपुर सहित अन्य क्षेत्रों की टीमें भाग लेंगी। संघ द्वारा सभी संबंधित टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने खिलाड़ियों की सूची निर्धारित प्रारूप में संघ के पास जमा करें। खिलाड़ियों की सूची जमा करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की गई है।
संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि मैचों की तिथि एवं विस्तृत कार्यक्रम आगामी बैठक में तय किया जाएगा, जिसकी सूचना सभी टीमों को समय पर दी जाएगी।
बैठक में संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद इजहार अली, संयोजक घनश्याम प्रसाद, सरोज झा, सचिव राजेश कुमार राजू, अशोक सिंह, संयुक्त सचिव इबरार आलम, मुकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।















