5
(2)

घुड़सवार गिरोह का सरगना रहा है सिंटू, किसानों से रंगदारी और फसल लूट के कई मामले दर्ज

नवगछिया। नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जिला के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी सिंटू यादव को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वह किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर सिंटू यादव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी तथा तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरीक थाना क्षेत्र के अंभो भगवती स्थान के समीप सिंटू यादव अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार अपराधी की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के नयाटोला भवनपुरा निवासी सिंटू यादव (पिता- महेंद्र यादव) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद हथियार के संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 172/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

 

किसानों के लिए बना हुआ था आतंक

 

पुलिस के अनुसार सिंटू यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह कोसी दियारा क्षेत्र में सक्रिय घुड़सवार गिरोह का सरगना रह चुका है। आरोप है कि वह अपने गिरोह के साथ हथियार के बल पर किसानों से रंगदारी वसूलता था, फसलों की लूट करता था और क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाए रखता था।

 

सिंटू यादव के खिलाफ खरीक थाना में हत्या, रंगदारी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

गिरफ्तारी से किसानों ने ली राहत की सांस

कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी के बाद कोसी दियारा और आसपास के इलाकों के किसानों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंटू यादव और उसके गिरोह की गतिविधियों से किसान लंबे समय से परेशान थे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जिले के वांछित और कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: