5
(4)

नवगछिया। नवगछिया रेलवे स्टेशन के पश्चिम स्थित केबिन संख्या-12 के रेलवे फाटक का बूम क्षतिग्रस्त करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टोटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त टोटो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा से कटिहार जाने वाली टाटा एक्सप्रेस के गुजरने से पूर्व रेलवे कर्मी द्वारा रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान एक टोटो चालक ने जल्दबाजी में फाटक पार करने का प्रयास किया। इस क्रम में टोटो रेलवे फाटक के बूम से टकरा गया, जिससे बूम क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेलवे फाटक पर आवागमन प्रभावित रहा।

घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात फाटकमैन ने टोटो चालक को पकड़ लिया और इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। साथ ही घटना में प्रयुक्त टोटो को भी जब्त कर लिया गया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार पासी ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मनिया मोड़ निवासी मोहम्मद शेख मंसूर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ ने लोगों से रेलवे फाटक पार करते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा फाटक बंद होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही से न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: