


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव में रविवार देर शाम डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के दौरान गोली चलने से एक 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। वहीं घटना में दो लोगों के घायल होने की भी सूचना मिल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिनटंगा करारी गांव में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने गोली चला दी, जो गांव निवासी गुदेश मंडल के 13 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के सीने के बाएं हिस्से में जा लगी। गोली लगते ही सौरभ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों एवं ग्रामीणों ने तत्काल घायल किशोर को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस गोली चलाने वाले की पहचान करने तथा विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















