


नवगछिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए हर्ष फायरिंग के एक वीडियो मामले में नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रायफल भी बरामद कर ली है। मामले में शस्त्र लाइसेंस एवं अन्य कानूनी पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 7 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें परबत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान एक व्यक्ति रायफल से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की तत्काल जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी बमबम यादव के रूप में की गई। इसके बाद परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कांड का अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपी बमबम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के क्रम में उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रायफल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद हथियार के लाइसेंस, उसके वैध उपयोग तथा अन्य संबंधित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















