5
(2)

नवगछिया। महादेवपुर गंगा घाट में सोमवार को स्नान के दौरान डूबने से एक 22 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर स्थान, मेला रोड निवासी छोटू कुमार, पिता स्वर्गीय सूरज पोद्दार, के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

मृतक के मझले भाई राजीव कुमार ने बताया कि परिवार की महिलाएं समेत सभी सदस्य महादेवपुर गंगा घाट स्नान करने आए थे। परिवार के अधिकांश सदस्य स्नान कर चुके थे, जबकि छोटू कुमार सबसे अंत में स्नान करने के लिए पानी में उतरा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।

परिजनों के अनुसार घटना करीब दोपहर 12 बजे हुई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा खोजबीन शुरू की गई, लेकिन काफी प्रयास के बाद करीब ढाई बजे उसका शव बरामद किया जा सका। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंची। वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

राजीव कुमार ने आरोप लगाया कि महादेवपुर गंगा घाट की स्थिति काफी खराब है। घाट पर सुरक्षित स्नान की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानी और खतरे का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से घाट की सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को वापस महादेवपुर गंगा घाट ले गए, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: