5
(1)

नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बीरबन्ना चौक के समीप सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

मृतक की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत झंझरा गांव निवासी 20 वर्षीय राजू कुमार, पिता शिव प्रकाश साह, के रूप में हुई है। वहीं घायल छात्र की पहचान झंझरा निवासी 19 वर्षीय राहुल कुमार, पिता संजय मंडल, के रूप में की गई है।

परिजनों ने बताया कि राजू कुमार सराय क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता था और इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। सोमवार को वह अपना कमरा खाली कर किताबों एवं अन्य सामान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। उसके साथ राहुल कुमार भी बाइक पर सवार था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बीरबन्ना चौक के समीप सड़क किनारे खड़ी लोहे के एंगल एवं सरिया लदी जुगाड़ गाड़ी से बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक चला रहे राजू कुमार के सीने और पेट में लोहे का एंगल घुस गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि जुगाड़ गाड़ी का चालक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर उसका चक्का बदल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक आकर पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। बताया जाता है कि राजू कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई स्नातक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि पिता वाहन चालक हैं।

भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौत हुई है तथा दूसरा छात्र घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है। मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर डबल ड्रम बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, इसके बावजूद कई वाहन चालक लापरवाही बरतते हैं, जिससे ऐसे दर्दनाक हादसे होते हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: