


भागलपुर:
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र-छात्राएं परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई की जा रही है।

अजीत शर्मा ने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरे, तो उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
पूर्व विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी छात्रों की मांगों तथा उनके अधिकारों के समर्थन में हमेशा खड़ी रहेगी।
















