


सागरमाथा कप 2026 में जीते 2 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक
सहरसा। नेपाल में आयोजित इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप 2026 (सागरमाथा कप) में शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन करने वाले सहरसा की स्ट्रीट डांस अकादमी के प्रतिभाशाली बच्चों एवं उनके कोच नवीन सिंह राजपूत को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा मारवाड़ी महिला समिति की रजनी खां, वार्ड पार्षद ताबिश मिहिर, राजद नगर अध्यक्ष कौशल यादव, समाजसेवी सोहन झा, पूर्व मुखिया अनमोल कुमार, समाजसेवी आशीष गुप्ता, पिस्टल यादव एवं विक्की कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सहरसा जैसे छोटे शहर के बच्चों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर जिले के साथ-साथ पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बच्चों की इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन तथा कोच नवीन सिंह राजपूत के कुशल मार्गदर्शन को दिया।
प्रतियोगिता में स्ट्रीट डांस अकादमी के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। अदित्री कर्ण और रियानशी ने स्वर्ण पदक, प्रांशी मांधना और मिशिता बांका ने रजत पदक, जबकि विशांक कश्यप, राजनंदनी कश्यप एवं रिद्धि शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर सहरसा और बिहार का नाम रोशन किया।
सम्मान समारोह के दौरान सभी विजेता बच्चों एवं उनके कोच को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा भविष्य में और अधिक युवा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा। उपस्थित लोगों ने विजेता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
















