



भागलपुर जिला अंतर्गत सन्हौला थाना क्षेत्र के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान युवक की मौत हो जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक युवक की पहचान धनकुंड थाना क्षेत्र के काठबनगांव निवासी मोहम्मद जमील उर्फ जम्मो मिस्री के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इसराफिल के रूप में हुई है। युवक को पैर में घाव की शिकायत थी, जिसे लेकर वह शनिवार दोपहर अपने परिजनों के साथ सन्हौला-अटपहरा सड़क स्थित भगवानपुर मोड़ के पास स्थित जेडएस हेल्थ केयर क्लिनिक पहुंचा था।

सूत्रों के अनुसार, क्लिनिक के एक कथित डॉक्टर ने इसराफिल को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ गई और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इंजेक्शन मांसपेशी में देने के बजाय नस में दे दिया गया था, जिससे यह दुर्घटना हुई। मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण क्लिनिक पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।

घटना की खबर सन्हौला बाजार और इसराफिल के गांव में आग की तरह फैल गई। परिजन दहाड़ मारकर रोते रहे और ग्रामीणों ने सन्हौला-अटपहरा सड़क को घंटों जाम कर दिया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बाद में पंचायत प्रतिनिधियों ने मृतक परिवार को कुछ आर्थिक सहायता देकर मामला शांत कराया।
घटना के तुरंत बाद अस्पतालकर्मियों ने क्लिनिक का बैनर भी हटा दिया। बताया जाता है कि सन्हौला क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में बिना पंजीयन के निजी क्लिनिक संचालित हो रहे हैं, जहां झोला छाप डॉक्टर और नवसीखे कंपाउंडर इलाज कर रहे हैं। पूर्व में भी ऐसे ही कई मामलों में रोगियों की जान जा चुकी है, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से हर बार मामला रफा-दफा कर दिया जाता है।














