


पूर्णिया। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जारी क्वार्टरली मार्च-2026 डेल्टा रैंकिंग में पूर्णिया जिले ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिला प्रशासन ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं कर्मियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया है।
जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं की नियमित समीक्षा तथा डेटा आधारित कार्यप्रणाली अपनाने से जिले ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की। इसी के आधार पर नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा 3 जुलाई 2026 को जारी क्वार्टरली मार्च-2026 डेल्टा रैंकिंग में पूर्णिया को पूरे भारत में पहला स्थान मिला।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में भारत सरकार ने देश के 112 जिलों को शामिल करते हुए आकांक्षी जिला कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में निर्धारित संकेतकों में सुधार लाने के लिए डेटा आधारित योजना, विभागीय समन्वय (कन्वर्जेंस) तथा लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी गई। इसके परिणामस्वरूप स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, शिक्षा की गुणवत्ता, पोषण संबंधी गतिविधियों, वित्तीय समावेशन, कृषि विकास तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

प्रशासन ने बताया कि जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों तथा विकास सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयास और निरंतर मेहनत के कारण नीति आयोग के परिणाम आधारित संकेतकों में महत्वपूर्ण सुधार हुआ। इसी सतत प्रयास के फलस्वरूप पूर्णिया जिला डेल्टा रैंकिंग में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा।
















