


नवगछिया : सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सिंघिया मकन्दपुर स्थित ज्ञान वाटिका विद्यालय ने इस वर्ष सराहनीय प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के छात्र अमर कुमार प्रिंस ने 87.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्र 2026-27 में विद्यालय के कुल 15 छात्र-छात्राएं सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 14 विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की। इस शानदार सफलता दर ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत को स्पष्ट रूप से दर्शाया है।
विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले पूर्णिया निवासी अमर कुमार प्रिंस ने सर्वाधिक 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं भवानीपुर (धमदाहा) निवासी राजकुमार ने 77.6 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गोसाईंगांव निवासी राही झा ने 76.2 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कई अन्य छात्र-छात्राओं ने भी 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधक राजेश कुमार झा ने परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष गणित (Maths Standard) का प्रश्न पत्र अपेक्षाकृत कठिन स्तर का था, जिससे कई विद्यार्थियों के अंक प्रभावित हुए। इसके बावजूद छात्रों ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है, उन्हें पुनः परीक्षा (इम्प्रूवमेंट) के लिए तैयार किया जाएगा, ताकि वे बेहतर परिणाम हासिल कर सकें। साथ ही एक छात्र के गणित विषय के अंक को लेकर चैलेंज करने की भी प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।
विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह परिणाम निरंतर प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
विद्यालय परिसर में परिणाम घोषित होने के बाद उत्साह का माहौल देखने को मिला। सफल छात्र-छात्राओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई और अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि ज्ञान वाटिका विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और छात्रों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।















