



भागलपुर : नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसी बहियार के गोविंदपुर और कहारपुर मौजा में इन दिनों पालतू घोड़ों के आतंक से इलाके के किसान परेशान हैं। स्थानीय किसानों के अनुसार, दर्जनों पालतू घोड़े खेतों में घुसकर गेहूं, मकई और सरसों की फसल को चर जाते हैं या रौंद देते हैं, जिससे सैकड़ों एकड़ फसल पूरी तरह बर्बाद हो रही है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मड़वा पूरब पंचायत औलियाबाद के पूर्व सरपंच एवं किसान प्रतिनिधि राजीव कुमार चौधरी उर्फ मांगो चौधरी, अजय चौधरी, विजय चौधरी, बिहारी चौधरी, विभूति राय, अखिलेश्वर चौधरी, धीरन चौधरी, राजकुमार चौधरी और चिक्कू चौधरी सहित औलियाबाद और झंडापुर के कई किसानों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगभग 25 घोड़े खुले में छोड़ दिए जाते हैं। इन घोड़ों का झुंड सैकड़ों एकड़ फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।
किसानों ने इस समस्या को लेकर नदी थाना में आवेदन देकर फसल की सुरक्षा और निगरानी की गुहार लगाई है। पीड़ित किसानों ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक से अपील की है कि उनके फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्र ने कहा कि अब तक किसानों से इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि किसानों की फसल की सुरक्षा के लिए दियारा क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लिखित आवेदन मिलने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














